देश

national

इलाहाबाद विश्वविद्यालय: रात में दी पुलिस को आत्मदाह की समय व जगह की जानकारी

الاثنين، 19 سبتمبر 2022

/ by Today Warta




धमकी देने के बाद से आदर्श भदौरिया से ट्वीटर-ट्वीटर खेल रही थी प्रयागराज पुलिस 

प्रयागराज : इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों का आंदोलन आत्‍मघाती हो गया है। इस आंदोलन में शामिल एक छात्र आदर्श भदौरिया ने आज सोमवार को विश्‍वविद्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। 

उसने पुलिस को आत्मदाह का कारण, समय और स्थान कल ही ट्वीट कर बता दिया था। लेकिन पुलिस ने उसको पहले से ही रोकने की बजाए मिट्टी के तेल उड़ेलने के बाद माचिस लगाते समय रोकना उचित समझा। 

आदर्श द्वारा मिट्टी का तेल उड़ेलते ही छात्र संघ परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मिट्टी का तेल छिड़क चुके आदर्श भदौरिया को किसी तरह से पकड़ा और आग लगाने से रोका।

इस घटना के बाद छात्र भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों ने बाहर निकल कर सड़क जाम करने की कोशिश की पर पुलिस ने इस कोशिश को नाकाम कर दिया। परिसर में हालात तनावपूर्ण है। सैकड़ों की संख्या में पुलिस के जवान परिसर को घेरे हुए हैं। सीओ कर्नलगंज ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हालात की जानकारी देते हुए मौके पर आने का अनुरोध किया है। 

बता दें कि आंदोलन के अगुआ नेता ने रविवार शाम को ही पुलिस द्वारा घर पर माता पिता से कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के खिलाफ सोमवार सुबह को आत्मदाह करने की धमकी दे डाली है। उन्होंने प्रयागराज पुलिस और डीजीपी यूपी के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट कर कहा की वह जिले के पुलिस कप्तान शैलेश पांडेय और एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित का इन्तज़ार छात्रसंघ भवन पर 11 बजे तक करेंगे। अगर वह 12 बजे तक नही आते हैं तो आत्मदाह कर लेंगे। और उसने आज 12.30 यह कदम उठाया। 

छात्र नेता आदर्श सिंह भदौरिया ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया की वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एक छात्र हैं।इविवि 400% फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलित भी हैं।लेकिन पुलिस उनके घर जा के बेवजह उनके माता और बहन से अभद्रतापूर्ण व्यवहार कर रही है। 12 पुलिसकर्मी जब वहां गए तो उनमें से एक भी महिला पुलिस नही थी और वक़्त भी शाम के 6:30 हो रहे थे।

उन्होंने रविवार को आरोप लगाते हुए कहा, “आज पुलिस प्रशासन द्वारा मेरे घर पर छापा मारा गया और हमारे किसान पिता से साफ साफ शब्दों में कहा गया कि यदि आप अपने बच्चे को इलाहाबाद विश्व विद्यालय से नहीं हटाते हैं तो आपको और आपके लड़के दोनों को इस अवस्था में जेल जाना पड़ेगा। “

आदर्श ने राष्ट्रीय महिला आयोग और यूपी महिला आयोग से इस घटना का संज्ञान ले के कार्यवाई करने का आग्रह किया है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'