देश

national

यूपी के 52 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 15 जिलों में स्कूल बंद

الاثنين، 10 أكتوبر 2022

/ by Today Warta



लखनऊ-कानपुर में भारी बारिश का अनुमान, इमरजेंसी के लिए हॉस्पिटल को तैयार रहने के आदेश

लखनऊ। यूपी में बारिश का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा है। आज यानी सोमवार को भी बारिश बंद या कम होने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 52 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें लखनऊ, झांसी समेत 27 जिलों में रेड अलर्ट यानी भारी से भारी बारिश होने का अनुमान है। लखनऊ-कानपुर में रविवार शाम 7 बजे से लगातार बारिश हो रही है। कभी रुक-रुक तो कभी तेज बारिश हो रही है। सीएम योगी ने बारिश को देखते हुए सभी जिलों के डीएम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि जहां लोगों को दिक्क्त हो रही है। वहां तुरंत राहत पहुंचाए। स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने भी चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े डॉक्टरों और कर्मचारियों को "आपातकालीन सेवा" के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। बीते 24 घंटों में अलग-अलग जिलों में बारिश से जुड़े हादसों में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।

15 से ज्यादा जिलों में स्कूल बंद

उधर, शनिवार को प्रदेश में दिनभर हुई बारिश के बाद लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, इटावा, फरुर्खाबाद, लखीमपुर, अयोध्या, जालौन, अलीगढ़, सीतापुर समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्?टी कर दी है। कहीं 8वीं तक तो कहीं 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। प्रदेश में 24 घंटे में 22.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। लखनऊ डीएम सूर्यपाल गंगवार ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी के आदेश जारी किए हैं। अक्टूबर महीने में हो रही बारिश से मौसम विभाग भी हैरान है। चक्रवाती असर से प्रदेश में बारिश का अनुमान तो था, लेकिन इतनी बारिश होगी इसका अनुमान विभाग नहीं लगा पाया था। यही कारण है कि पिछले 5 दिनों से मौसम विभाग के अनुमान से कई गुना औसत बारिश रिकॉर्ड हो रही है।

बारिश से जुड़े हादसों में 30 की मौत, आज भी बिजली गिरने की आशंका

मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही आज भी बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। रविवार को सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर,सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से चार युवकों की मौत हो गई। जबकि मां-बेटी झुलस गईं। उधर, बाराबंकी में पेड़ गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया। उन्नाव में अलग-अलग घटनाओं में घर गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में दो व इटावा और औरैया में एक-एक की जान चली गई। हरदोई में बिजली से दो किसानों की मौत हुई, जबकि एक झुलस गया। वहीं, बारिश के दौरान हुए हादसों में ब्रज मंडल और अलीगढ़ में चार-चार लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मकान गिरने से एक किशोर और एक महिला की मौत हो गई। पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में बिजली व दीवार गिरने से एक बच्चे समेत 4 लोगों की जान चली गई। बिजली गिरने से संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर और सीतापुर में कुल 4 की जान चली गई। पीलीभीत में 72 घंटे से लगातार हो रही बारिश से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है।

 इन 52 जिलों में जारी है येलो अलर्ट

प्रदेश के बांदा, चित्रकूट,कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच,लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुर्खाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ,बाराबंकी ,रायबरेली ,अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या,अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर,बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली की गरज चमक के बीच बारिश होगी।

इन 27 जिलों में जारी हुआ रेड अलर्ट

सोमवार को बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली ,पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और झांसी जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। और बिजली की गरज चमक के बीच भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'