रतलाम। राजीनितक गहमा-गहमी के बीच रतलाम जिले की सैलाना नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर कांग्रेस ने कब्जा कर लिया। अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी चैतन्य शुक्ला ने निर्दलीय प्रत्याशी विशाल धबाई को तीन मतों से पराजित कर जीत हासिल की। शुक्ला की जीत से कांग्रस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई व उन्होंने शुक्ला का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। सैलाना नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की। कांग्रेसी प्रत्याशी सुनीता पाठक ने भाजपा के कुलदीप सिलावट को तीन मतों से पराजित किया। सुनीता पाठक को नौ और कुलदीप सिलावट को छह वोट मिले। मतदान के पहले कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद की स्थिति बन गई। हंगामा होने लगा तो पुलिस मौके पर पहुंची व हल्का बल प्रयोग कर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को मतगदणना स्थल के पास से खदेड़ कर हटाया। उल्लेखनीय है कि 15 सदस्यीय सैलाना नगर परिषद में कांग्रेस के नौ, भाजपा के चार व दो निर्दलीय पार्षद इस बार चुनाव जीते है। कांग्रेस की तरफ से पहले पूर्व अध्यक्ष जगदीश पादीदार को उम्मीदवार बनाने की संभावना थी, लेकिन उनके खिलाफ चुनाव के ठीक एक दिन पहले धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज होने पर कांग्रेस ने रणनीति बदली और चैतन्य शुक्ला को उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा। उधर, भाजपा ने अपना उम्मीदवार खड़ा न करके निर्दलीय प्रत्याशी विशाल धभाई को समर्थन दिया। दोपहर में मतदान के बाद मतगणना की गई। कांग्रेस के चैतन्य शुक्ला को नौ व निर्दलीय प्रत्याशी विशाल धभाई को छह वोट मिले। अध्यक्ष पद के बाद उपाध्यक्ष पद की प्रक्रिया शुरू की गई।

Today Warta