देश

national

ओवरटेक करते समय ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत

الثلاثاء، 18 أكتوبر 2022

/ by Today Warta

विदिशा। शमशाबाद थाना क्षेत्र में भोपाल-सिरोंज मार्ग पर महानीम चौराहे के समीप मंगलवार दोपहर को एक ट्रक ने सामने जा रही बाइक को ओवरटेक करते समय पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक करीबी ग्राम तिनसियाई और बिछिया के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ग्राम तिनसियाई निवासी विनोद यादव और बिछिया निवासी विजय बंजारा भोपाल की ओर से बाइक पर सवार होकर गांव आ रहे थे। इसी दौरान महानीम चौराहे से करीब एक किमी पहले पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। अदरक से भरा ट्रक बाइक सवार दोनों युवकों को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। जिसके कारण दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस मार्ग से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के घटनास्‍थल पर पहुंचने से पहले ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे कुछ देर बाद पुलिस ने पकड़ लिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के स्वजन अस्पताल पहुंचे। उनका रो रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद यादव खेती करता था, उसके तीन बच्चे हैं। इसके अलावा बिछिया निवासी विजय यादव के चार बेटे और दो बेटियां है। विजय के पिता का कुछ माह पहले ही निधन हुआ था। परिवार में विजय बड़ा बेटा था। विजय की मौत के बाद उसकी मां बेसुध हो गई थी। शमशाबाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

युवकों ने नहीं पहना था हेलमेट

वाहन चलाते समय सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने के लिए लोगों को प्रेरित करने अभियान चलाया जा रहा है लेकिन अधिकांश लोग इसका पालन नहीं कर रहे है। इस हादसे के समय भी बाइक सवार बिना हेलमेट पहने वाहन चला रहे थे। पुलिस का कहना था कि यदि वाहन चालक हेलमेट पहने होते तो उनकी जान बच सकती थी।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'