इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
एमवाईएसवाई एवं ओडीओपी में आवेदन बढ़ाने के निर्देश
ललितपुर। जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग विमल दुबे ने विगत बैठक में निर्दिष्ट कार्यवाहियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नये औद्योगिक आस्थान के विकसित किये जाने हेतु उप जिलाधिकारी सदर से वार्ता के क्रम में अतिक्रमण हटाये जाने का आश्वासन दिया गया है। औद्योगिक आस्थान चन्देरा में सड़क निर्माण में आ रही बाधा के सम्बंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिये गए। विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगर सृजन कार्यक्रम के तहत 111 प्रेषित आवेदनों के सापेक्ष 49 स्वीकृत कर 34 को वितरण हो चुका है, इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजनान्तर्गत 127 प्रेषित आवेदनों के सापेक्ष 22 स्वीकृत कर 18 वितरित तथा एक जनपद एक उत्पादन योजनान्तर्गत 91 प्रेषित आवेदनों के सापेक्ष 23 स्वीकृत कर 23 को वितरित कर दिया गया है। इस पर निर्देश दिये गए कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद योजनान्तर्गत 50-50 आवेदन और भरवाकर स्वीकृत किये जायें। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में बताया गया किअब तक 811 पंजीकृत आवेदनों के सापेक्ष 208 आवेदन उद्यमी स्तर पर लम्बित हैं, जिस पर निर्देश दिये गए कि सम्बंधित उद्यमियों से सम्पर्क कर आवेदनों को पूर्ण कराया जाए। विद्युत शुल्क में छूट के सम्बंध में बताया गया कि अधिशासी अभियंता द्वारा उद्यमी दानवीर एवं मे.बालाजी दालमिल प्रकरण में समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया गया है। हेल्थ एटीएम मशीन की स्थापना के सम्बंध में बताया गया कि उद्यमियों के साथ बैठक कर हेल्थ एटीएम लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, जिस पर बैठक में उपस्थित नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये गए कि हेल्थ एटीएम से सम्बंधित लिट्रेचर उद्यमियों को उपलब्ध करायें, जिससे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय, अग्रणी बैंक प्रबंधक कुमार गौरव, अधि.अभियन्ता विद्युत विमल कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, उपायुक्त उद्योग विमल दुबे सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी एवं उद्योग समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Today Warta