इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
ललितपुर भारतीय शिक्षण मंडल जिला इकाई की बैठक श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में 18 दिसंबर रविवार को जिला सम्मेलन सहित आगामी अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार विमर्श किया गया। कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से चल रहे अंतराल के पश्चात गत दिवस भारतीय शिक्षण मंडल की जिला बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के पदाधिकारियों सहित कानपुर प्रांत के संपर्क प्रमुख अरुण का पाथेय प्राप्त हुआ। भारतीय शिक्षण मंडल की आवश्यकता क्यों है और हमारी क्या जिम्मेदारी हो । इस विषय पर उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने भारतीय शिक्षा में आमूलचूल परिवर्तन की महती आवश्यकता बताते हुए हमारे देश में गुरुकुल परंपरा और पुरातन संस्कृति को फिर से स्थापित करने की आवश्यकता बताई। हमारे देश में गुरुकुल परंपरा की शिक्षा को समाप्त कर मैकाले की शिक्षा पद्धति लागू कर दी गई। उसी का परिणाम है कि हमारे देश में संस्कार युक्त शिक्षा समाप्त होकर सिर्फ भौतिकवादी और अनुपयोगी शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है। आजादी के बाद लगातार हमारा देश उसी को ढोता आ रहा है। उन्होंने शैक्षिक व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा विशेषज्ञों, अध्यापकों और विद्वानों को आगे आने की अपील की । आगे उन्होंने कहा कि जब तक हम अपनी पुरातन संस्कृति और शिक्षा के गौरवशाली स्वरूप को प्राप्त नहीं करेंगे तब तक हमारा देश विश्व गुरु नहीं बन सकता है। नालंदा और तक्षशिला विश्वविद्यालय का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि हमारे देश की शिक्षा का विश्व में सर्वोत्कृष्ट स्थान रहा है, संसार के भिन्न-भिन्न देशों के लोग भारत में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते थे, परंतु वामपंथियों और पश्चिमी देशों के सांस्कृतिक आक्रमण से हमारी शिक्षा पद्धति को पूरी तरह से तहस-नहस करने का प्रयास किया गया। आज आवश्यकता है कि हम अपने देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे ले जाने के लिए भारतीय शिक्षा मंडल से जुड़कर सामाजिक और शैक्षिक क्रांति के माध्यम से अपना योगदान कर सकते हैं ।आज की बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रकाश, संचालन सह प्रांत संपर्क प्रमुख मनोज तिवारी ने किया। तथा मुख्य वक्ता के रूप में कानपुर प्रांत के संपर्क प्रमुख अरुण सिंह का पाथेय प्राप्त हुआ। बैठक में सर्वसम्मति से सदस्यता अभियान को बढ़ाने की अपील की गई सदस्यता के लिए शिक्षक, विशेषज्ञ, विद्वान मनीषी, विचारक नवोन्मेषक और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान करने वाली सभी लोगों को संगठन से जोड़ने की अपील की गई।आगामी 18 दिसंबर रविवार को जिला सम्मेलन जाखलौन पंप कैनाल पर आयोजित करने तथा संगठन का जो अखिल भारतीय वर्ग जबलपुर में लगने जा रहा है उसमें सहभागिता करने के लिए 5 सदस्यों के चयन पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में नरेंद्र सिंह बुंदेला जिला कोषाध्यक्ष ,गौरव पटेरिया नगर महामंत्री, करुणाकर शर्मा शैक्षिक प्रकल्प, डॉ राजेंद्र प्रकाश नगर अध्यक्ष ,सुरेश प्रकाश कौंतेय बिरधा ब्लाक अध्यक्ष, रमेश कुमार त्रिपाठी जिला उपाध्यक्ष, संजीव कुमार शुक्ला जिला महामंत्री, मनोज तिवारी सह प्रांत संपर्क प्रमुख, प्रियंका सहरिया महिला प्रकल्प प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Today Warta