देश

national

सभी मतदाताओं के परिचय पत्र बनाए जाएंगे रंगीन, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य ज़ारी

السبت، 26 نوفمبر 2022

/ by Today Warta



भोपाल। जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्य चल रहा है। इसके लिए अभियान चलाया गया है, जिसके तहत मतदाताओं के परिचय पत्र सुधारे जा रहे हैं और नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा रहे हैं। इस संबंध में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने जिलों में चल रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने ईपी रेश्‍यो, जेंडर रेश्‍यो सहित ब्लैक एंड व्हाइट फोटो को कलर में बदलने को लेकर चर्चा की। वीडियो कांफ्रेंस से हुई समीक्षा बैठक में सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए। बता दें नौ नवंबर से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का शुभारंभ हुआ है। इसमें आठ दिसंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। प्राप्त हुए आवेदनों का 26 दिसंबर तक निराकरण किया जाएगा। इसके बाद पांच जनवरी 2023 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

नवयुवकों के कम मिले आवेदन, करें विशेष प्रयास

उन्होंने समीक्षा बैठक में कहा कि जिलों में 18 से 19 साल के मतदाताओं के आवेदन कम मिले हैं। इसके लिए विशेष प्रयास किया जाए और उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं। जहां पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या कम है, ऐसे जिलों में जेंडर रेश्‍यो बढ़ाने के लिए आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ता की मदद ली जाए। यदि लक्ष्य के अनुरूप नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने के आवेदन नहीं आ रहे हैं तो ऐसी स्थिति में बीएलओ घर-घर जाकर आवेदन लें। मिलने वाले फार्म को उसी दिन गरुड़ा एप के माध्यम से अपलोड करें। साथ ही उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। युवा मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने के लिए कालेजों में शिविर लगाए जाएं। वहीं 17 साल से अधिक उम्र के युवा भी सूची में आना नाम जुड़वाने का आवेदन अग्रिम रूप से दे सकते हैं। इसके लिए अभियान के रूप में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'