लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार (29 दिसंबर, 2022) को लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनको राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कोई न्योता नहीं मिला है। हमारी संवेदनाएं उनकी यात्रा के साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारी (समाजवादी पार्टी) की विचारधारा अलग है। भाजपा और कांग्रेस की एक है। अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब कांग्रेस के सूत्रों ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए न केवल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा गया था, बल्कि बसपा प्रमुख मायावती को भी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा का पिछड़ों के प्रति हमेशा सौतेला व्यवहार रहा है, आज पिछड़ों का आरक्षण छीना है, कल दलितों की भी बारी आ सकती है, भाजपा षड्यंत्र के तहत बाबा साहब के दिए अधिकार को खत्म कर रही है, ओबीसी व दलित का आरक्षण छीन कर उन्हें गुलाम बनाना चाहती है। राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी पिछड़ों का वोट चाहती है, लेकिन उनको भागीदारी की अधिकार नहीं देती। अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य में पिछड़ों के वोट से बनी सरकार है, लेकिन भाजपा की सरकार में पिछड़ों के लिए जगह नहीं है, सरकार आरक्षण तो खत्म कर ही रही है, साथ ही चुनाव से भी भागना चाहती है।

Today Warta