देश

national

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप, तीन-चार दिन सुबह में छाया रहेगा घना कोहरा

الثلاثاء، 3 يناير 2023

/ by Today Warta



नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में पारा लुढ़कने से ठंड बढ़ गई है। इन इलाकों में अगले तीन-चार दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा भी छाया रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में तो ठिठुरन महसूस की गई।  मौसम विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को तापमान में कुछ और गिरावट की संभावना जताई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में फिर तापमान में गिरावट आई है और यह 0.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हरियाणा के मंडकोला में सबसे कम माइन 1.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। फतेहाबाद में भी 3.2 डिग्री तापमान के साथ कड़ाके की ठंड पड़ी। राजस्थान के भी ज्यादातर इलाकों में ठंड जारी है। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की रात हनुमान गढ़ में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री पर पहुंच गया।

मध्य प्रदेश में कल तक बना रहेगा भीषण ठंड का प्रकोप

मध्य प्रदेश में नए साल की शुरूआत भीषण ठंड के साथ हुई और मौसम विभाग के मुताबिक 4 जनवरी तक ठंडी बनी रहेगी। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 10 डिग्री से नीचे ही बना रहेगा और शीतलहर भी चलेगी। रविवार की रात गुना में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले तीन-चार दिन तक यही स्थित बनी रहने वाली है। ग्वालियर और रीवा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

श्रीनगर में पारा फिर लुढ़का

श्रीनगर के ज्यादातर इलाकों में ठंड फिर बढ़ गई है। श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम में पांच डिग्री से ज्यादा पारा लुढ़का है। श्रीनगर में रविवार की रात न्यूनतम तापमान माइनस 5.4 डिग्री पर चला गया, एक दिन पहले यह 0.5 डिग्री सेल्सियस था। पहलगाम में माइनस 9.6 और गुलमर्ग में माइनस 10 डिग्री तापमान रहा। केंद्र शासित प्रदेश में गुलमर्ग सबसे ज्यादा ठंडा स्थान रहा।

मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। छह जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 


Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'