राकेश केशरी
एजेंसी मालिक ने अज्ञात पर आग लगाने का लगाया आरोप
छत के रास्ते आंगन में आरोपित के आने की बात
कौशाम्बी। मंझनपुर ब्लाक के सामने प्रकाश होंडा एजेंसी में अज्ञात व्यक्ति ने छत के रास्ते अंदर घुसकर आग लगा दी। इससे लगभग 45 लाख रुपये की सामग्री जलकर नष्ट हो गई। एजेंसी मालिक ने अज्ञात पर एजेंसी में आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एजेंसी का सीसीटीवी कैमरा खराब होने के कारण बंद था। ऐसे में किसी नजदीकी व्यक्ति पर संदेह जताया जा रहा है। करारी निवासी प्रकाश जायसवाल ने मंझनपुर कस्बे में ब्लाक के सामने होंडा बाइक की एजेंसी खोल रखी है। दो दिनों से वह बाहर थे। उनका आरोप है कि रविवार की रात अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते एजेंसी के मध्य स्थित आंगन में पहुंचा। उसने पहले वहां लगी जाली तोड़ी और इसके बाद शटर व एक दरवाजा तोड़ा। एजेंसी के अंदर से एक लैपटाप व अन्य कुछ दस्तावेज उठा ले गया। इसके बाद आग लगा दी। आगजनी में नौ बाइक, 25 लाख के स्पेयर पार्टस, कंप्रेशर मशीन, रैंप, एलईडी टीवी समेत अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। पड़ोस में तमाम लोग किराए पर रहते हैं। रात करीब 11 बजे उन लोगों ने कुछ टूटने और फटने की आवाज सुनी, लेकिन एजेंसी में इस प्रकार की आवाज आना आम बात समझकर नजर अंदाज कर दिया। हालांकि, सोमवार की भोर लगभग तीन बजे घर के एक हिस्से की दीवार लोगों को गरम महसूस होने लगी तो कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। इस पर लोगों ने बाहर देखा तो एजेंसी के अंदर से धुंआ निकल रहा था। उन लोगों ने इसकी जानकारी एजेंसी मालिक को दी। सूचना मिलते ही वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। एजेंसी का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस बीच मंझनुपर पुलिस भी आ गई, लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ आग लगाने की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
करीबी पर संदेह
प्रकाश जायसवाल ने बताया कि एजेंसी का सीसीटीवी खराब था। इसकी जानकारी कम लोगों को थी। ऐसे में इस घटना के लिए उनका शक किसी करीबी पर है। उन्होंने लगभग 45 लाख रुपये का सामान जलने का दावा किया है। कोतवाल संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि इत्तेफाकिया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फोरेसिंक टीम से जांच कराई गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।



Today Warta