बीना। नव वर्ष पर बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहे मामा-भांजे पर शनिवार की रात रेलवे स्टेशन पर अज्ञात आरोपित ने बुकिंग आफिस के सामने चाकू से हमला कर दिया। आरोपित दोनों को चाकू मारकर भाग गया। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें सागर रेफर कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जीआरपी आरोपित की तलाश कर रही है।खुरई निवासी घायल अमित पिता रामसेवक लोधी (18) ने बताया कि वह अपने मामा बृजेंद्र लोधी (25) के साथ नव वर्ष पर बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहे थे। बीना स्टेशन से रात 8:30 बजे ट्रेन पकड़ने के लिए दोनों मोटर साइकिल से रात करीब 8 बजे स्टेशन पहुंचे थे। साइकिल स्टैंड पर बाइक पार्क कर वह प्लेटफार्म पर जाने के लिए जैसे ही बुकिंग आफिस के पास पहुंचे तभी एक अज्ञात बदमाश आकर उन्हें गाली देने लगा। युवक ने गाली देने से मना किया तो उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया। बदमाश ने एक के बाद एक युवक पर चाकू से दो वार किए। चाकू लगने से घायल हुए युवक ने आवाज लगाकर अपने मामा को बुलाया। वह जैसे ही अपने भांजे को बचाने पहुंचे आरोपित ने उनके गले पर भी चाकू से वार कर दिया और चाकू लहराते हुए मौके से भाग गया। घायल मामा-भांजे को डायल 100 की मदद से सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से दोनों को सागर रेफर किया गया है।आरोपित की तलाश जारी है घायल यात्री की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है। विवाद का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा की उसने बिना किसी कारण चाकू से हमल क्यों किया।

Today Warta