इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र
टेण्डर और बॉण्ड के नाम पर लम्बित न रहे विकास कार्य, तेजी से करायें निर्माण
टीम बनाकर विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करें, बच्चों की उपस्थित सुनिश्चित करायें
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निमार्ण कार्यों पर हुई गहन समीक्षा बैठक
परिवार रजिस्टर को अद्यतन कराने के निर्देश, लापरवाही बर्दास्त नहीं होगी : डीएम
ललितपुर। जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षात्मक बैठक कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि माह के हर द्वितीय शनिवार को प्रत्येक अधिकारी एक-एक गांव में जाकर चौपाल के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा करें, इसके लिए प्रत्येक गांव के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। उन्होंने आकांक्षात्मक विकासखण्ड मड़ावरा की समीक्षा में निर्देश दिये कि नियोजन विभाग द्वारा विकास के निर्धारित सभी पैरामीटर्स पोर्टल पर अपडेट करा लें, पोर्टल पर अन्य जनपदों में हालहि में अपडेशन का कार्य किया है, जिससे उनकी प्रगति बढ़ी है, जनपद के अधिकारी भी अपने-अपने विभाग से सम्बंधित विकास कार्यों का डाटा अपडेट कराकर फीड करा लें, ताकि प्रगति में सुधार हो सके। हर हर जल योजनान्तर्गत खुदाई के दौरान खराब हुई बीएसएनएल लाईनों के सम्बंध में जिलाधिकारी ने जल निगम एवं बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आपस में बैठक कर समस्या का समाधान करायें, उन्होंने कहा कि दोनो विभाग सरकार के अंग हैं, प्रयास करें कि सरकार के धन का क्षति न हो। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान पर्यटक अधिकारी हेमलता ने अवगत कराया कि जनपद में पूर्व की भांति ललितपुर-देवगढ़ महोत्सव का आयोजन किया जाना है, जिसके लिए सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि आयोजन की रुपरेखा तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करें, साथ ही सभी विभाग पूर्व की भांति आयोजन में अपनी-अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। विकास प्राथमिकताओं के 37 प्रपत्रों की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजनान्तर्गत गोल्डन कार्ड में परिवार रजिस्टर की स्थिति अद्यतन न होने के कारण प्रगति कम बताई गई, इस पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि मृत व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर से पृथक कर रजिस्टर को अद्यतन करायें, ताकि गोल्डन कार्ड की प्रगति सुधर सके, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वृद्धावस्था पेंशन के 76 प्रतिशत एवं निराश्रित महिला पेंशन के 22600 में से 19500 लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण करा लिया गया है। कुछ लाभार्थियों के दस्तावेज न मिलने के कारण वैरिफिकेशन नहीं हो पा रहा है, इस पर जिलाधिकारी द्वारा जिन लाभार्थियों का सत्यापन नहीं हो पा रहा है, उन्हें हटाये जाने के निर्देश दिये गए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सम्बंधित विभागों को धनराशि भेजी जा चुकी है, अधिकारी लाभार्थियों का भुगतान करा दें। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान नये लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नये निर्माण कार्यों में टेण्डर की प्रक्रिया चल रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये कि टेण्डर और बॉण्ड के नाम पर कार्य लम्बित रखना उचित नहीं है। विकास कार्यों को त्वरित गति से करायें। सेतु निर्माण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि रेवले ओवरब्रिज पर कार्य चल रहा है, जिसके तहत पुल के दोनो ओर सर्विस रोड बनाया जाना है, जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करायें। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि अधिकारियों के निरीक्षण में कई विद्यालयों में बच्चे उपस्थित नहीं मिलते, जबकि उन विद्यालयों में शिक्षकों की कोई कमी नहीं है, इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये गए कि टीम बनाकर विद्यालयों का निरीक्षण करें, साथ ही बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाये। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार पाण्डेय, सीएमओ डा.जेएस बक्शी, डीडीओ केएन पाण्डेय, डीसी एनआरएलएम नीरज कुमार श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए एके सिंह, डीसी मनरेगा रविन्द्रवीर यादव, अधि.अभि. विद्युत विमल कुमार, अधि.अभि. जल निगम अवनीश सिंह, बीएसए रामप्रवेश, समाज कल्याण अधिकारी अभिषेक अवस्थी, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, प्रोबेशन अधिकारी नन्दलाल सिंह, कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, सीवीओ एसके पाण्डेय, डीपीआरओ नवीन मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी, पर्यटक अधिकारी हेमलता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Today Warta