देश

national

पारिवारिक कलह : देवर ने भाभी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

الخميس، 9 فبراير 2023

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र

थाना बानपुर क्षेत्र के मोहल्ला सानियन का मामला

ललितपुर। कस्बा बानपुर क्षेत्र के मोहल्ला सानियन में गुरूवार को सुबह करीब 11 बजे हड़कम्प मच गया। माजरा था पारिवारिक कलह का। सानियन में रहने वाले रामराजा ने अपनी भाभी वन्दना से मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शी तो यह बताते हैं कि रामराजा हैवानियत की सभी हदों को पार कर गया और खून से लथपथ अपनी भाभी को उसने इतना पीटा की वह मरणासन्न हो गयी। किसी प्रकार जब वह मौके से भागा, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने मरणासन्न अवस्था में वन्दना को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बानपुर में दाखिल कराया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां वन्दना को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि बानपुर के मोहल्ला सानियन निवासी वीर सिंह यादव की 30 वर्षीय पत्नी वन्दना घर में काम कर रही थी। इसी बीच वीर सिंह का छोटा भाई रामराजा मौके पर जा पहुंचा। जहां देवर-भाभी के बीच पारिवारिक कलह को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि रामराजा ने जानवर बांधने वाले लकड़ी के खूंटे से भाभी वन्दना पर मुंह और सिर में ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिये। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे, लेकिन रामराजा के सिर पर तब तक खून सवार हो चुका था। हैवान बने रामराजा को देखकर ग्रामीण भी सहम गये। मरणासन्न हो चुकी वन्दना को देखकर रामराजा मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने वन्दना को खून से लथपथ अवस्था में उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बानपुर में दाखिल कराया, जहां उसकी हालत काफी नाजुक थी, लिहाजा उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर वन्दना को प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद से जहां एक ओर ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है तो वहीं सूचना मिलने पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर जा पहुंचा और पुलिस शान्ति व्यवस्था कायम करने का भरशक प्रयास करने लगी। इधर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरी ओर परिजनों में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतका वन्दना का पति वीर सिंह चिगलौआ स्थित पावर प्लाण्ट में मजदूरी करता था और उसकी एक पुत्र व एक पुत्री है। ग्रामीणों द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि रामराजा पहले भी वन्दना के साथ मारपीट कर चुका है।

अस्पताल पहुंचा वीर सिंह हुआ बेसुध

रामराजा द्वारा वन्दना की मारपीट करते हुये हत्या किये जाने की खबर सुनकर वीर सिंह जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसने अपनी पत्नी मृत देखा तो वह कहार कर रोने लगा। परिजन वीर सिंह को संभालते नजर आये तो वहीं वीर सिंह गहरे सदमे में रोते हुये बेसुध हो गया। वीर सिंह ने पुलिस प्रशासन से रामराजा के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही किये जाने की गुहार लगायी है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'