राकेश केशरी
कौशाम्बी। लोक निर्माण विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते मनौरी ओवर ब्रिज की सड़क एक बार फिर से उखड़ने लगी है,जिस पर जिम्मेदारों ने अभी तक ध्यान नहीं दिया। ओवर ब्रिज की सड़क पर बना गड्ढा बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है। ब्रिज की सड़क पर कई जगह की गिट्टियां उखड़ कर बिखर गई है, जिसके कारण मनौरी ओवर ब्रिज की सड़क पर काफी दूर तक गड्ढा हो गया है जिससे आए दिन मनौरी ओवर ब्रिज पर दुर्घटनाएं देखने व सुनने को मिलती है, लेकिन कई बार शिकायत के बाद भी सड़क के गड्ढे नहीं बनाए गए हैं। कुछ दिनों पूर्व सड़क की मरम्मत कराई गई थी लेकिन घटिया निर्माण के चलते फिर गड्ढे हो गए हैं। पूर्व में कराए गए निर्माण के भ्रष्टाचार की अभी तक अधिकारियों ने जांच कराकर दोषी ठेकेदार और अधिकारियों को दंडित नहीं किया है जिससे लोक निर्माण विभाग के बड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। पीडब्लूडी के जिम्मेदार अधिकारियों ने कई दफा मनौरी ओवर ब्रिज के सड़क पर गड्ढों को औपचारिकता निभाते हुए सीमेंट, बालू एवं गिट्टी का मिश्रण करवाकर उक्त गड्ढों को पटवा दिया लेकिन सीमेंट,बालू एवं गिट्टी का मिश्रण का अनुपात सही ना होने के कारण कुछ दिन के बाद उक्त सड़क की गिट्टिया उखड़ कर फिर बिखर गई। दो दिन पहले मनौरी ओवर ब्रिज की सड़क पर गड्ढा होने के कारण बाइक सवार युवक दुर्घटना का शिकार हो गया था। इसके पहले भी कई बार सड़क पर लोग गिरकर घायल हो चुके हैं लेकिन विभागीय अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते मनौरी ओवर ब्रिज की सड़क पर ध्यान नही दिया तो किसी दिन बड़ी घटना होने से साफ इनकार भी नही किया जा सकता। सड़क पर बार-बार गड्ढे होने और सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के मामले को लेकर कई संगठन और राजनीतिक दल के नेताओं ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ओवरब्रिज की सड़क की मरम्मत कराकर पूर्व के भ्रष्टाचार की जांच कराते हुए दोषियों को दंडित नहीं किया गया तो मजबूरन संगठन और राजनीतिक दल के लोगों को सड़क पर उतर कर धरना प्रदर्शन आंदोलन कर पुल के सड़क की मरम्मत कराए जाने को लेकर धरना प्रदर्शन आंदोलन कर शासन का ध्यान आकृष्ट कराना पड़ेगा।

Today Warta