देश

national

सत्तारूढ़ नेता पर कार चढ़ाकर बाइक सवारों को रौंदने का आरोप

السبت، 8 أبريل 2023

/ by Today Warta



इन्द्रपाल सिंह'प्रिइन्द्र

अवैध खनन की शिकायत करने पर हमले का आरोप

पीडि़त पक्ष ने प्रशासन व पुलिस से की कार्यवाही किये जाने की मांग

ललितपुर। सत्तादल के नेता पर अवैध खनन करने का आरोप लगाते हुये शिकायत करने पर प्राणघातक हमला करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में पीडि़त ने सत्तारूढ़ नेता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजते हुये मुकद्दमा दर्ज कर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है। शिकायती पत्र में शहर के मोहल्ला चौबयाना निवासी मनोज शुक्ला पुत्र बच्चूलाल ने बताया कि 6 अप्रैल को रात करीब 8.30 बजे जब वह ग्राम मसौराखुर्द से हनुमान जयन्ती की शोभायात्रा में शामिल होने के बाद अपने मित्र नीतेश पाठक पुत्र लखनलाल, विकास सक्सेना के साथ वापस लौट रहा था। बताया कि वह मसौरा बैरियर के पास पहुंचे ही थे, कि तभी वहां पहले से मौजूद सत्तादल के नेता जो कि बिरधा क्षेत्र से निर्वाचित पद पर आसीन हैं ने अपनी गाड़ी संख्या यूपी 94 एम 4052 से जान से मारने की नीयत से जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि इस टक्कर के लगने से बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गये। इतना ही नहीं आरोप तो यह भी है कि उक्त नेता द्वारा घायलावस्था में सड़क पर पड़े तीनों लोगों पर लाइसेंसी बंदूक रखकर अवैध खनन की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मनोज शुक्ला का आरोप है कि सत्तादल के नेता द्वारा कहा गया कि उसके व उसके परिजनों द्वारा विगत सरकारों में भी अवैध खनन किया जाता रहा है, लेकिन किसी की शिकायत करने पर हिम्मत नहीं हुयी। इसलिए शिकायत मत करना। आरोप है कि उक्त सत्तादल के नेता द्वारा गाली-गलौज करते हुये मारपीट भी की गयी और टायर लीवर से प्राणघातक हमला कर दिया। पीडि़त ने बताया कि इस हमले में उसे अंधरूनी चोटें आयीं हैं तो वहीं नीतेश पाठक के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं। मामले की शिकायत तत्समय पुलिस से की गयी, लेकिन श्रीहनुमान जयन्ती में व्यस्तता का हवाला देकर पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और न ही कार्यवाही की। राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में सभी घायलों को उपचार के लिए दाखिल किया गया है। जहां नीतेश पाठक की हालत नाजुक बतायी जा रही है। पीडि़त मनोज शुक्ला ने मामले की जांच करायी जाकर उक्त सत्तादल के नेता पर मामला दर्ज कर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'