एक गिलास गर्म पानी बन सकता है सेहत का राज
नई दिल्ली विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खूब पानी पीना जरूरी है। सुबह गर्म पानी पीना पाचन ठीक रखने में विशेष लाभकारी माना जाता है। इसका ब्लड प्रेशर पर क्या असर होता है? हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन दुनिया की सबसे आम लेकिन सबसे खतरनाक स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। वयस्कों के साथ किशोरों को भी इसका शिकार देखा जा रहा है। जिन लोगों का ब्लड प्रेशर अक्सर हाई रहता है उनमें हार्ट अटैक, स्ट्रोक, किडनी फेलियर से लेकर आंखों की रोशनी कम होने जैसी कई दिक्कतें हो सकती हैं।हाई बीपी की सबसे बड़ी समस्या ये है कि शुरूआती दौर में अधिकांश लोगों को कोई स्पष्ट लक्षण महसूस नहीं होते। यही कारण है कि इसे अक्सर साइलेंट किलर कहा जाता है। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि भारत में बड़ी संख्या में लोगों को ब्लड प्रेशर की दिक्कत तो है पर उनको इसकी जानकारी ही नहीं है। यह लगभग 25% से 28% वयस्कों को प्रभावित करता है और इनमें से 60% से ज्यादा मामलों का पता ही नहीं चल पाता या उनका इलाज नहीं हो पाता। सोशल मीडिया पर ब्लड प्रेशर को लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं। कई इंफ्लूएंसर्स कहते हैं, रोज सुबह गर्म पानी पीने से ब्लड प्रेशर कम हो जाता है। कई लोग इसे प्राकृतिक इलाज मानकर अपनाने लगते हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल गर्म पानी पीने से वास्तव में हाई ब्लड प्रेशर नियंत्रित हो सकता है? विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खूब पानी पीना जरूरी है। सुबह गर्म पानी पीना पाचन ठीक रखने में विशेष लाभकारी माना जाता है। आइए जानते हैं कि इसका ब्लड प्रेशर पर क्या असर होता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कई रिपोर्ट्स से पता चलता है कि सर्दी के महीनों में गर्म पानी पीना ब्लड प्रेशर को कुछ समय तक कम रखने में मददगार हो सकता है। हालांकि इस बात के प्रमाण नहीं हैं कि केवल गर्म पानी पीने से हाई ब्लड प्रेशर कम हो जाता है। गर्म पानी शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखने, पाचन सुधारने और कुछ लोगों में तनाव कम करने में मदद कर सकता है। गर्म पानी पीने से कई लोगों को आराम महसूस होता है। हालांकि बहुत ज्यादा गर्म पानी पीना नुकसानदायक भी हो सकता है क्योंकि इससे मुंह और भोजन नली को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए हल्का गुनगुना पानी ही बेहतर माना जाता है।








