पटना बांकीपुर उपचुनाव परिणाम के बाद आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले भाजपा दफ्तर जाकर समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने शाम में सचिवालय में कैबिनेट की बैठक की। सीएम ने बिहारवासियों को कई बड़ी सौगातें दी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 17 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, न्याय, समाज कल्याण, पर्यटन और शहरी विकास समेत कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे अहम फैसलों में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय का पुनर्गठन, अमृत 2.0 के तहत जलापूर्ति योजनाओं की स्वीकृति, राजगीर स्पोर्ट्स साइंस सेंटर की स्थापना, नए विशेष न्यायालयों के लिए पद सृजन और ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के लिए राशि मंजूर करना शामिल है। मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर बताया गया कि उद्योग विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मुख्यालय स्तर पर स्वीकृत 82 पदों में से 26 पद और क्षेत्रीय स्तर पर स्वीकृत 31 पदों को प्रत्यर्पित करते हुए कुल 57 पदों को पुनर्गठित किया जाएगा। इसके साथ ही एक पद उद्योग विभाग को वापस करते हुए मुख्यालय स्तर पर कुल 106 पदों को चिह्नित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। उद्योग विभाग का कहना है कि निदेशालय के पुनर्गठन से नए लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का बेहतर संपादन, कार्यप्रवाह में सुगमता, निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी और प्रशासनिक कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से टरटए निदेशालय की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनेगी।





