भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। वहीं, प्रधानमंत्री अवार्डस-2021: 150 डेज चेलेंज में प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आठ श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के राजकोट में आयोजित इंडियन अर्बन हाउसिंग कानक्लेव में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह को उत्कृष्ट राज्य का पुरस्कार प्रदान किया।
विशेष श्रेणी पुरस्कार में मध्य प्रदेश गुजरात, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के साथ सह विजेता बना है। उत्कृष्ट नगर निगम की श्रेणी में देवास नगर निगम को दूसरा, नगर पालिका में गोहद भिंड को दूसरा और नगर परिषद में आलीराजपुर की जोबट को पहला स्थान मिला है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश को आठ पुरस्कार मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही कहा कि हमें इसी तरह नगरीय विकास की योजना में प्रदेश को अव्वल बनाना है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, प्रदेश के प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास मनीष सिंह, आयुक्त भरत यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Today Warta