भोपाल (राज्य ब्यूरो)। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 मध्य प्रदेश के आठ शहरों में होंगे। मध्य प्रदेश के राज्य खेल मलखंब को भी खेलो इंडिया में स्थान मिला है। केंद्रीय खेल, युवक कल्याण एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को दिल्ली में इसको लेकर कार्यक्रम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि खेलो इंडिया के अंतर्गत मध्य प्रदेश के भोपाल सहित इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, महेश्वर, मंडला और बालाघाट में विभिन्न खेल की गतिविधियां होंगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की रूपरेखा से अवगत करवाने के लिए गुरुवार को केंद्रीय खेल, युवक कल्याण एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए काफी कदम उठाए गए हैं। बजट में वृद्धि करने के साथ प्रतिभा सम्पन्न् खिलाड़ियों को शासकीय सेवाओं में भी प्राथमिकता दी गई है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 28 खेलों के लिए सात हजार खिलाड़ी और पांच हजार सहयोगी स्टाफ सक्रिय भूमिका में रहेंगे।
भवन निर्माण के कामों की होगी निगरानी, समयसीमा में पूरे हों निर्माण
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश में सरकारी भवनों के निर्माण कार्य में गति लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गठित मध्य प्रदेश भवन विकास निगम के संचालक मंडल की बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में पहली बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन निर्माण के कामों की निगरानी होगी। समयसीमा में निर्माण पूरे हों, यह सुनिश्चित होना चाहिए। गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। निगम की छवि ऐसी बने कि उसकी चर्चा पूरे देश में हो। बैठक में निगम की वेबसाइट एवं वर्क मैनेजमेंट सिस्टम का लोकार्पण भी किया गया।

Today Warta