भोपाल। राज्य प्रशासनिक सेवा से आइएएस बनने के पांच माह बाद ही नौकरी छोड़ने वाले अधिकारी डा. वरदमूर्ति मिश्रा ने अब चुनाव लड़ने घोषणा कर दी है। उन्होंने वास्तविक भारत पार्टी (वाभापा) नाम से पार्टी का पंजीयन कराया है। उन्होंने स्वयं को इसका राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में प्रत्याशियों की तलाश भी शुरू कर दी है। डा. मिश्रा ने प्रदेशवासियों के नाम इंटरनेट मीडिया पर एक पत्र जारी कर कहा है कि मैं और मेरे साथी अब एक राजनीतिक पार्टी के रूप में जनता की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। सरकारों ने जनता को कष्ट के अलावा कुछ नहीं दिया। उन्होंने पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने के लिए अच्छे, समझदार और विनम्र लोगों को आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य प्रशासनिक सेवा के 1996 बैच के अधिकारी वरदमूर्ति मिश्रा को जनवरी 2022 में ही आइएएस संवर्ग मिला था। इसके पांच माह बाद ही उन्होंने जून 2022 को मध्य प्रदेश खनिज विकास निगम के कार्यकारी निदेशक के पद से नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने अगस्त 2022 में राजनीति में उतरने की घोषणा करते हुए कहा था कि वह इससे पूर्व पूरे मध्य प्रदेश का भ्रमण करेंगे। डा. मिश्रा का कहना है कि भाजपा से लोग त्रस्त हैं, पर कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते हैं। मध्य प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प की जरूरत है। इसकी पूर्ति हमारा दल करेगा, जो लोकलुभावन नारों की राजनीति नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने का प्रयास करेगा।

Today Warta