देश

national

नवजात को फेंकने वाले का नहीं लगा सुराग

السبت، 5 نوفمبر 2022

/ by Today Warta



कटनी। जिला अस्पताल की मर्चुरी के सामने प्रसूति व सर्जिकल वार्ड के बीच दीवार के छज्जे में थैले में मिली तीन दिन की नवजात के मौत के बाद शुक्रवार को पुलिस ने उसके शव का पीएम कराया है।बालिका का डीएनए टेस्ट भी पुलिस कराएगी।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।अस्पताल परिसर के सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को कुछ खास मदद नहीं मिली और न ही नवजात को फेंकने वालों के संबंध में पुलिस को सुराग मिले हैं।जिस स्थान पर नवजात मिली थी, उसके नजदीक एक कैमरा लगा है लेकिन उसकी लोकेशन दूसरी ओर होने से फेंकने वाले के संबंध में जानकारी नहीं मिल पा रही है।वहीं सीएमएचओ आफिस की ओर से भी एक गेट है।जहां से भी लोग अस्पताल में प्रवेश कर सकते हैं।अनुमान लगाया जा रहा है कि पीछे के रास्ते से ही आकर नवजात को मर्चुरी के सामने छज्जे में फेंकने का कार्य किया गया होगा।

ये है मामला

गुरूवार की दोपहर को जिला अस्पताल के भवन में पुताई-सफाई का कार्य कर रहे मजदूरों ने छज्जे में एक थैला लटका देखा था।उसे खोला गया तो उसमें तीन दिन की नवजात थी और वह जीवित अवस्था में थी।मजदूरों की मदद से अस्पताल के स्टाफ ने नवजात को नीचे उतारा और उसे ओपीडी में लेकर आए,जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल की शिशु गहन चिकित्सा इकाई में उसे भर्ती कराया गया था।बालिका की स्थिति नाजुक होनेे के कारण उसे वेंटीलेटर पर रखकर इलाज किया जा रहा था लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।शाम 7 बजे नवजात की मृत्यु हो गई थी।बालिका के गले,पीठ पर चोट के निशान थे और वह जब मिली थी तो उसके शरीर में मिट्टी लगी हुई थी।जिसके चलते माना जा रहा है कि फेंकने से पहले मासूम को मारने का भी प्रयास किया गया था।

इनका कहना है

नवजात को फेंकने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए जा रहे हैं ताकि फेंकने वाले के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।मृत्यु के बाद बालिका का पीएम कराया गया है और उसका डीएनए भी कराया जाएगा।मामले की जांच की जा रही है।

विजय प्रताप सिंह बघेल,नगर पुलिस अधीक्षक

Don't Miss
© all rights reserved
Managed by 'Todat Warta'