इन्द्रपाल सिंह प्रिइन्द्र
अश्लील फोटो, वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप
पीडि़त महिला ने एसपी को भेजा शिकायती पत्र, कार्यवाही की लगायी गुहार
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजते हुये गांव के एक युवक पर पिछले 6-7 महीनों से परेशान करते हुये शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि गांव में रहने वाले युवक ने किसी प्रकार उसका मोबाइल नम्बर हांसिल कर लिया। जिसके बाद वह कॉल करके आये दिन अश्लील बातें करते हुये उसे व उसके पति व बच्चों को जान से मारकर फेंक देने की धमकी देता है। पीडि़ता ने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा उसकी अश्लील तस्वीर खींच ली और अब तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुये शारीरिक सम्बन्ध बनाने की धमकी देने लगा। बताया कि 13 अगस्त 2022 को जब वह अपने मायके गयी हुयी थी तो उक्त व्यक्ति ने फोन करके ललितपुर आने को कहा, विरोध करने पर तस्वीरों को वायरल करने की धमकी दी। पीडि़ता ने बताया कि उसी दिन वह अपने घर से ससुराल आने के लिए निकली थी कि तभी ललितपुर के कैलगुवां चौराहा पर उसने अपनी मोटर साइकिल पर बैठा लिया और तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देते हुये रेलवे स्टेशन स्थित एक होटल के कमरे में ले गया, जहां पिस्टल दिखाकर धमकाते हुये उसने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुये जबरन दुराचार किया। बताया कि 23 अगस्त 2022 को उसने फिर उसे ललितपुर बुलाया और स्टेशन रोड स्थित एक दूसरे होटल में ले गया, जहां उसने उसके साथ फिर से दुराचार किया। आरोप है कि 21 अगस्त 2022 को जब वह अपने घर में थीं, तब रात करीब 2 बजे उक्त व्यक्ति ने आकर उसके घर के पीछे बने शौचालय में उसे दबोच लिया और सीने पर पिस्टल लगा दी। पिस्टल का भय दिखाकर गलत कार्य करने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी भाभी और देवर जाग गये और मौके पर आ गये। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उसके भाभी और देवर के साथ भी मारपीट करते हुये जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गया। पीडि़त ने यह पूरा माजरा परिजनों को बताया, जिसके बाद उक्त व्यक्ति की शिकायत करने थाना जखौरा पहुंची, जहां उसकी फरियाद नहीं सुनी गयी और दबंग व्यक्ति लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। पीडि़त ने एसपी से मामले की जांच करायी जाकर कार्यवाही किये जाने की मांग उठायी है।

Today Warta