राकेश केशरी
इलाज के लिए मरीजों को करना पड़ा घंटों इंतजार
सरायअकिल,कौशाम्बी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन चिकित्सकों की लापरवाही की वजह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवादा में आने वाले मरीजों को वाजिब सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। यहां की स्वास्थ्य सुविधाएं बेपटरी हो चुकी है। बुधवार की सुबह ओपीडी से चिकित्सक गायब रहे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह सवा 11 बजे तक अस्पताल के उपस्थित रजिस्टर सिर्फ स्वीपर के अलावा किसी अन्य कर्मचारी के हस्ताक्षर नहीं मिले। पीएचसी नेवादा में मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारी डा0 ललित कुमार सिंह समेत डा0 शशांक गुप्ता व महिला चिकित्सक डा0 विजेता सिंह की तैनाती है। बुधवार सुबह 11:15 बजे तक ओपीडी कक्ष का ताला तो खुला मिला,लेकिन तीनों चिकित्सक ड्यूटी से नदारद रहे। मरीज घंटों डाक्टरों का इंतजार करते रहे। सुरसेनी गांव के नरेंद्र,बिगहरा के भूपेंद्र,तिल्हापुर के राजेश आदि मरीजों को बगैर इलाज कराये ही वापस लौटना पड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवादा के नेत्र विभाग में आई असिस्टेंट नियाजुद्दीन खां की तैनाती है। लेकिन सुबह 11:05 बजे तक वह भी ड्यूटी से नदारद रहे। लापरवाही का आलम यह रहा कि उनके कक्ष का ताला भी नहीं खुला था। तिल्हापुर गांव से आंख दिखाने आई सुशीला देवी,ननकई आदि मरीजों को आंख दिखाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। लगभग 11:10 बजे नियाजुद्दीन खां ड्यूटी पर उपस्थित हुए और आनन फानन रजिस्टर में हस्ताक्षर बनाकर मरीजों को देखने में जुट गए। मरीजों के खून,बलगम आदि की जांच के लिए अस्पताल में पैथोलॉजी लैब खोला गया है। यहां पर लैब टेक्नीशियन प्रदीप कुमार की तैनाती है। सुबह 11:25 बजे उनके कक्ष का दरवाजा तो खुला मिला,लेकिन कुर्सी खाली मिली। पूछने पर पता चला कि वह अभी तक ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं है। खून जांच कराने आई बूंदा गांव की समीदा व सुगर जांच कराने आई तिल्हापुर गांव की विद्या देवी को जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। गर्भवती महिलाओं,नवजात शिशुओं को लगने वाले टीकों जैसी गंभीर बीमारी के वैक्सीन के रखरखाव,स्टाक की देखरेख, तापमान आदि के देखरेख के लिए प्रतिरक्षण अधिकारी राम उजागर वर्मा की तैनाती की गई है। लेकिन पड़ताल के दौरान वैक्सीन कक्ष में रखी उनकी कुर्सी भी खाली मिली। पूछताछ में विश्वत सूत्रों से पता चला कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डा0 ललित कुमार सिंह ने उन्हें फील्ड की जिम्मेदारी सौंप दिया है,ऐसे में अस्पताल में तैनात चैकीदार मूलचंद्र वैक्सीन कक्ष व उसके रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहा है।

Today Warta