कमल सिंह
बाँदा शनिवार को पुलिस को जानकारी मिली कि पत्रकार जफर अहमद के घर के समीप ही एक इनोवा कार कई दिनों से खड़ी है। जिसमें प्रयागराज का नंबर था। साथ ही उसी गाड़ी के पास जफर अहमद की डिजायर कार भी खड़ी है। सूचना के आधार पर पुलिस की क्रेन मौके पर पहुंची। जब ढकी हुई इनोवा कार को देखा गया तो उसकी नंबर प्लेट गायब थी। इस पर पुलिस जफर की डिजायर कार और बिना नंबर की इनोवा कार को क्रेन के माध्यम से टांग ले गई। बताया जा रहा है कि बिना नंबर की गाड़ी अतीक गैंग से जुड़े किसी सदस्य की है। दोनों गाड़ियों को ले जाने के बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।बताते चलें कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने एक न्यूज़ एजेंसी के पत्रकार जफर अहमद के प्रयागराज स्थित आवास पर बुलडोजर चलवा दिया था। इसके बाद से गायब जफर अहमद ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो जारी कर सफाई देते हुए कहा था कि अतीक की पत्नी शाइस्ता को मेरे बहनोई ने किराए पर मकान दिया था। मेरा अतीक के परिवार से कोई वास्ता नहीं है। इसके बाद भी पुलिस ने बांदा स्थित उनकी दोनों बहनों के घर में छापा मारकर जफर अहमद को खोजने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके साथ ही उसके मकानों से संबंधित रिकॉर्ड नगर पालिका व बांदा विकास प्राधिकरण में खंगाले जा रहे हैं। इधर बिना नंबर की इनोवा कार उसी के घर के पास से बरामद होने पर पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों ने दबी जुबान से बताया कि यह गाड़ी अतीक गैंग की है। वही अभी पुलिस ने इस मामले में जांच की बात कह कर पल्ला झाड़ लिया है।

Today Warta