राजीव कुमार जैन रानू
ललितपुर। शहर में चल रहे सट्टे के काले कारोबार की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करना पत्रकार को उस समय मंहगा साबित पड़ गया, जब कुछ लोगों ने पत्रकार पर हमला कर दिया। मामले की शिकायत पत्रकार द्वारा कोतवाली पुलिस से की गयी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुये तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी पं.महेश प्रसाद शर्मा ने कोतवाली पुलिस को दिये शिकायती पत्र में बताया कि विगत दिवस अपराह्न में जब वह समाचार पत्र में शहर में चल रहे सट्टा के काले कारोबार को लेकर प्रकाशित की गयी खबर सम्बन्धित समाचार पत्र वितरण कर रहा था कि तभी सुनील जैन पुत्र स्व.चम्पालाल जैन के पुत्र अनुज ने उसे देखते हुये अशोभनीय गालियां देते हुये सट्टा पकड़वाने से क्षुब्ध होने की बात कही। पीडि़त ने बताया कि गाली देने का विरोध करने पर युवक ने अपने भाई राहुल जैन व पिता सुनील जैन को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने एकराय होकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। शोरगुल होने पर आसपास खड़े लोग उसे बचाने के लिए दौड़े तो लोगों को देखकर उक्त लोग भाग खड़े हुये। यह भी आरोप है कि जाते-जाते उक्त लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने सुनील जैन, अनुज जैन व राहुल जैन के खिलाफ धारा 323, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Today Warta