मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
ads

मेडिकल स्टोर से मोबाइल चोरी का खुलासा, अजगैन पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा; सात मोबाइल बरामद

On: July 29, 2026 10:49 PM
Follow Us:
ads

उन्नाव। अजगैन थाना पुलिस ने नवाबगंज कस्बे के एक मेडिकल स्टोर से मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया वीवो मोबाइल सहित विभिन्न कंपनियों के कुल सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद अन्य मोबाइल फोनों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को नवाबगंज स्थित जय अम्बे मेडिकल स्टोर के संचालक यशराज गुप्ता ने थाना अजगैन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दो स्कूटी सवार युवक दवा लेने के बहाने दुकान पर आए और मौका पाकर उनका वीवो मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना अजगैन में मु.अ.सं. 322/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मेडिकल स्टोर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने पक्षी विहार रिंग रोड पुलिया के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल यादव (23) निवासी छत्तरपुर पहरी, साउथ दिल्ली (मूल निवासी फिरोजाबाद) तथा आशु (22) निवासी सरवई गवहानी, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल सात मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें चोरी गया वीवो मोबाइल भी शामिल है। इसके अलावा आईफोन, ओप्पो, वनप्लस, टेक्नो, रेडमी और सैमसंग कंपनी के मोबाइल भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मेडिकल स्टोर से वीवो मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस अन्य बरामद मोबाइल फोनों के स्वामित्व का सत्यापन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है। अजगैन थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों में संलिप्तता की भी जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment