उन्नाव। आषाढ़ पूर्णिमा एवं गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को परियर गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण परियर-बिठूर मार्ग पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह करीब 7 बजे से 10 बजे तक वाहन रेंगते रहे, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को भीषण गर्मी व उमस के बीच काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह से ही उन्नाव सहित आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु निजी कारों, बाइक, बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से गंगा स्नान के लिए परियर घाट पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया और कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जाम के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह वाहन पूरी तरह रुक गए, जबकि अन्य स्थानों पर बेहद धीमी गति से आगे बढ़ते रहे। करीब तीन घंटे तक जाम में फंसे श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकालते हुए जाम खुलवाने का प्रयास किया। लगातार मशक्कत के बाद सुबह करीब 10 बजे यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे दिन परियर गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में स्नान, पूजा-अर्चना एवं यातायात व्यवस्था संचालित होती रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहा।








