पूरनपुर, पीलीभीत। कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के ग्राम शेरपुर कलां में पुरानी रंजिश के चलते दवा लेने जा रहे एक नाबालिग किशोर का रास्ता रोककर मारपीट करने और चाकू से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद युवकों समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्राम शेरपुर कलां निवासी हसन हैदर पुत्र रियासतुल्ला खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका नाबालिग पुत्र रिजान हैदर गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे दवा लेने जा रहा था। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय के पास अरमान पुत्र नईम और तौहीद पुत्र शाकिर ने बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खड़ी कर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए किशोर के साथ मारपीट शुरू कर दी।तहरीर के अनुसार, मारपीट के दौरान अरमान की मां और एक अज्ञात महिला भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि दोनों महिलाओं के हाथ में चाकू थे और इसी दौरान किशोर पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह किशोर को आरोपियों के चंगुल से बचाया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन घायल किशोर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद पीड़ित के पिता ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर अरमान पुत्र नईम, तौहीद पुत्र शाकिर, अरमान की मां तथा एक अज्ञात महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी रंजिश में नाबालिग पर चाकू से हमला, चार पर मुकदमा
By Suresh Pal
On: July 30, 2026 10:52 PM
ads








