कुरैया-सेहरामऊ स्टेशन के बीच घटना से हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज
पूरनपुर/पीलीभीत।सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सेहरामऊ उत्तरी पुलिस, गढ़वा खेड़ा-सुल्तानपुर चौकी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे कुरैया और सेहरामऊ रेलवे स्टेशन के बीच स्थित महादेव माती रेलवे पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।घटना की सूचना मिलने पर पूरनपुर से आरपीएफ के रमेश कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चचार्एं होती रहीं।स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवक संभवत: नशे की हालत में पुलिया के पास पहुंचा होगा और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकाला है।थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से 28 जुलाई का पूरनपुर से लखनऊ तक का रेलवे टिकट मिला है। शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
—————————-








