पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच
पूरनपुर,पीलीभीत। गांव लोहरपुरी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस ने बेटे की ओर से मुकदमा दर्ज किया है। माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव चित्तरपुर निवासी 40 वर्षीय उमाशंकर की उनकी पत्नी ने हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी महिला स्वयं माधोटांडा थाने पहुंच गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।बताया गया कि उमाशंकर 5 वर्ष पहले अपना मकान बेचकर पत्नी ममता, पुत्र विवेक और पुत्री गीता के साथ अपनी ससुराल गांव लोहरपुरी में रहने लगे थे। वह मजदूरी करने गुजरात गए हुए थे। तीन दिन पहले पत्नी ने धान की फसल में दवा डालने के बहाने उन्हें घर बुलाया था। शुक्रवार शाम महिला दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेकर आई और उसमें नशीली गोलियां मिलाकर पति को पिला दीं। दोनों बच्चों ने कोल्ड ड्रिंक पीने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने बेटे विवेक को छत से नीचे भेज दिया। आरोप है कि पति के अचेत होने पर साड़ी के फंदे से गला घोंटने के साथ तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।घटना के बाद मृतक के चाचा केदारी लाल समेत चित्तरपुर गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि महिला दो वर्ष पहले गुजरात में एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का शपथ-पत्र भी बनवा चुकी थी और उसी प्रेम संबंध के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है और इसकी जांच की जा रही है।मृतक के 18 वर्षीय पुत्र विवेक ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने पहले पिता को नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई और फिर उनकी हत्या कर दी। मामले में तहरीर भी दी है। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला ने घटना के बाद पुलिस को काफी देर तक गुमराह करने का प्रयास किया और उसके चेहरे पर किसी प्रकार का पछतावा दिखाई नहीं दिया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।घटना की जानकारी लगने के बाद ग्राम प्रधान विकास यादव ने रात में ही पहुंच कर पर परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया। उन्होने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की बात कही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया पुत्र की ओर से महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।








