कौशाम्बी। सरायअकिल थाना क्षेत्र के अमिरसा गांव में सोमवार दोपहर भूमि विवाद के चलते महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर डंडे से पीटा गया था। एक पुरुष की भी पिटाई की गई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसे संज्ञान में लेकर एसपी ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी है। अमिरसा निवासी विमलेश कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर वह खेत में मौजूद था। तभी विपक्षी भूमि विवाद को लेकर गाली देने लगे। विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों ने बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित के परिवार की काजल पांडेय, रेनू पांडेय, मुन्नी देवी व निशा पांडेय को भी पीटा था। ग्रामीणों ने किसी तरह सभी की जान बचाई थी। खुलेआम सड़क पर की गई दादागीरी का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया था। हालांकि, हिन्दुस्तान ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। डीएसपी शिवांक सिंह ने बताया कि आरोपी गोकर्ण कुमार, रूपचंद्र एवं आकाश पांडेय उर्फ मोनू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
ads








