शहीदों को श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रक्तदान शिविर होंगे आयोजित
पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को गांधी सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में समारोह को गरिमामय ढंग से मनाने और 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 8 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। सरकारी भवनों, पार्कों और प्रमुख चौराहों को रोशनी और तिरंगा सजावट से आकर्षक बनाया जाएगा। तहसीलों में स्वतंत्रता सेनानियों एवं कारगिल शहीदों का सम्मान किया जाएगा। गांधी स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीद पार्क और शहीद दामोदर पार्क में श्रद्धांजलि समारोह तथा पुलिस बैंड की प्रस्तुति होगी। जिला अस्पताल, वृद्धाश्रम और अन्य संस्थानों में फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाकर पंचायत भवनों पर तिरंगा फहराया जाए तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई जाए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वच्छता रैली, वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान गायन, तिरंगा थीम रंगोली, सेल्फी प्वाइंट, तिरंगा प्रदर्शनी सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा और 15 अगस्त को रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
————‐—————








