पूरनपुर/पीलीभीत। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसडीएम पूरनपुर मयंक गोस्वामी ने मंगलवार को कांवड़ मार्ग और प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर विद्युत लाइनों, बिजली के पोलों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया गया।उपजिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता मोहित गुप्ता को निर्देश दिए कि यात्रा अवधि के दौरान सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रहें। उन्होंने जर्जर एवं झूलते हुए बिजली के तारों, खुले विद्युत उपकरणों तथा संभावित खतरे वाले स्थानों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका न रहे। एसडीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।
कांवड़ यात्रा से पहले एसडीएम का निरीक्षण, बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
By Suresh Pal
On: August 4, 2026 9:22 PM
ads








