मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य
ads

अटल व विहान आवासीय विद्यालयों में श्रम उपायुक्त का औचक निरीक्षण, दी चेतावनी

On: August 5, 2026 10:05 PM
Follow Us:
ads

भोजन, पेयजल और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

इन्द्रपाल सिंह’प्रिइन्द्र’
हिन्द टुडे वार्ता/ललितपुर। श्रम उपायुक्त झांसी किरण मिश्रा ने मंगलवार को अटल आवासीय विद्यालय धौरी एवं विहान आवासीय विद्यालय (बालक एवं बालिका) का औचक निरीक्षण कर वहां छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा गया। उप श्रम आयुक्त ने जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। अटल आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उप श्रम आयुक्त ने मेस और भोजन व्यवस्था की जांच की। उन्होंने मेस मैनेजर एवं प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि बच्चों को आगे भी नियमित रूप से निर्धारित मेन्यू के अनुसार ताजा, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास एवं मेस की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। बारिश के मौसम को देखते हुए उप श्रम आयुक्त ने विद्यालय परिसर में जलभराव नहीं होने देने के विशेष निर्देश दिए। ऐसे में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बच्चों का बचाव करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उप श्रम आयुक्त ने विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती, भोजन सामग्री के रखरखाव, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित सुरक्षा संबंधी इंतजामों की भी जानकारी ली। अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद उप श्रम आयुक्त ने विहान आवासीय विद्यालय बालक एवं बालिका का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों के रहने, खाने-पीने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। दोनों विद्यालयों के वार्डन को भोजन की गुणवत्ता में और सुधार करते हुए बच्चों को ताजा, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बारिश के मौसम में जलभराव, गंदगी एवं संचारी रोगों से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी ललितपुर अनिल कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी झांसी अरुण कुमार तिवारी सहित विद्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ मौजूद रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment