शिक्षकों की स्थाई तैनाती व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की उठाई आवाज
पूरनपुर (पीलीभीत)। बरसों से स्थाई शिक्षक न होने से नाराज ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से ग्रामीणों ने शिक्षकों की स्थाई तैनाती करने के साथ ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवाज बुलंद की। इसको लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए समाधान न होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांस शारदा क्षेत्र के ग्राम शास्त्रीनगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पिछले करीब आठ से दस वर्षों से स्थायी शिक्षक तैनात न होने से नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में संजय कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्यालय में दो स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में दूसरे स्कूलों से शिक्षकों को भेजकर किसी तरह पढ़ाई कराई जा रही है, जिससे दोनों विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि वर्षों से बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में स्वच्छ पेयजल, शौचालयों में दरवाजे तथा पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। इससे विशेषकर छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से शीघ्र स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यालय की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने हेतु वाध्य होगे।
——————








