एसडीएम से शिकायत,जांच व कार्रवाई का मिला आश्वासन
इन्द्रपाल सिंह’प्रिइन्द्र’
हिन्द टुडे वार्ता/ललितपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) मड़ावरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार पर फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, गाली-गलौज करने तथा अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाते हुए कस्बा मड़ावरा निवासी व्यक्ति ने उपजिलाधिकारी मड़ावरा को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। शिकायत प्राप्त होने के बाद उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
7 अगस्त 2026 को प्रात: लगभग 7:56 बजे शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक कॉल प्राप्त हुई। आरोप है कि पहले कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि “बड़े साहब बात करना चाहते हैं”, जिसके बाद सीएचसी मड़ावरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार ने अस्पताल परिसर में खड़ी कार के संबंध में बातचीत की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने विनम्रतापूर्वक वाहन तत्काल हटाने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद चिकित्सा अधीक्षक ने कथित रूप से फोन पर अभद्र एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया, भद्दी-भद्दी गालियां दीं तथा अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनकी “औकात” बताने जैसी टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस घटना से उन्हें मानसिक पीड़ा पहुंची और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस लगी।
शिकायतकर्ता ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित वातार्लाप की कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर जांच के लिए प्रस्तुत किया जा सकता है।
उपजिलाधिकारी मड़ावरा को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।








