पूरनपुर/पीलीभीत। तहसील पूरनपुर के ट्रांस शारदा क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत बैल्हा के मजरा भगवानपुरी में विद्युतीकरण योजना की बदहाल स्थिति सामने आई है। वर्ष 2018-19 में गांव के करीब 35 घरों तक बिजली के खंभे और तार तो पहुंचा दिए गए, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया। इसके चलते ग्रामीण आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं और पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युतीकरण का कार्य कराने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर उनसे रुपये भी वसूल लिए थे। इसके बावजूद आज तक गांव में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। गांव में लगे बिजली के खंभों और तारों पर अब झाड़ियां उग आई हैं, जो वर्षों से कार्य अधूरा पड़े होने की गवाही दे रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।इस गंभीर मामले को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंजीत सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल ट्रांसफार्मर स्थापित कराने और गांव में बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है, जिसमें वर्षों से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा से वंचित रखा गया है।मंजीत सिंह ने कहा कि सरकार गांव-गांव बिजली पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की उदासीनता के कारण भगवानपुरी के लोगों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और यदि कनेक्शन के नाम पर ग्रामीणों से धनराशि वसूली गई है तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई है कि ऊर्जा मंत्री के हस्तक्षेप के बाद वर्षों से लंबित यह समस्या दूर होगी और भगवानपुरी के घरों में भी जल्द बिजली की रोशनी पहुंचेगी। फिलहाल गांव के लोग आठ वर्षों से अधूरे पड़े विद्युतीकरण कार्य के कारण भारी परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
8 साल से अंधेरे में गांव, पोल-तार लगे लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं, ऊर्जा मंत्री से शिकायत
By Suresh Pal
On: August 7, 2026 9:23 PM
ads








