धुंधरी से दर्जनों कांवड़िए गंगाजल लेने निकले, तिलक कर दी विदाई
अमरिया, पीलीभीत। पवित्र श्रावण मास में अमरिया क्षेत्र में हर तरफ भोले की भक्ति का रंग नजर आ रहा है। क्षेत्र के गांवों से लगातार शिवभक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार और कछला की ओर रवाना हो रहे हैं। शुक्रवार को धुंधरी गांव से दर्जनों शिवभक्तों का जत्था बम-बम भोले के जयकारों के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुआ।हरिद्वार रवाना होने से पहले शिवभक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कांवड़ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष भी पहुंचे। बहनों ने शिवभक्तों के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें कांवड़ यात्रा के लिए विदाई दी। इस दौरान पूरा माहौल भोले के जयकारों से भक्तिमय हो गया।शिवभक्तों ने बताया कि वे हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर सोमवार को गांव लौटेंगे। इसके बाद गांव के शिव मंदिर स्थित शिवालय में विधि-विधान से गंगाजल चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।कांवड़ यात्रा को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह बना हुआ है। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की भक्ति और आस्था के साथ यात्रा शुरू की। इस दौरान गांव में धार्मिक माहौल बना रहा और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।








