कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच किदवई नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन विधि विरुद्ध बालक बताए गए हैं, जिन्हें नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छिनैती की वारदातों में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी दक्षिण सुमित रामटेके के निर्देशन में दक्षिण जोन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में किदवई नगर पुलिस को मुखबिर से मोबाइल छिनैती करने वाले गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को पकड़ लिया।
राह चलते लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य राह चलते लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लेते थे। वारदात के बाद आरोपित मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गिरोह के सदस्य प्रांशू कुशवाहा उर्फ राज को गिरफ्तार किया है। उसके साथ तीन विधि विरुद्ध बालकों को भी संरक्षण में लिया गया है।
दो वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मोबाइल छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन और नकदी को पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने में थाना किदवई नगर प्रभारी विजय सिंह, चौकी प्रभारी लाल कॉलोनी नीरज राजपूत, चौकी प्रभारी संजय वन बिपिन सिंह, उपनिरीक्षक अंकुर मलिक, उपनिरीक्षक ललित कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। कमिश्नरेट पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और छिनैती व लूट की घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।








