कानपुर। शहर में जर्जर हो चुके डॉट नालों के लगातार धंसने से उत्पन्न हो रही समस्याओं को देखते हुए शासन के निर्देश पर नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) के माध्यम से नालों का सर्वे कराया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को श्रीनिवास राव के नेतृत्व में टीम ने किदवई नगर स्थित आरबीआई नाले का निरीक्षण और सर्वे किया।
सर्वे के दौरान पार्षद अवधेश त्रिपाठी के साथ नगर निगम के अभियंता भी मौजूद रहे। टीम ने नाले की मौजूदा स्थिति, जर्जर हिस्सों और संभावित खतरे वाले स्थानों का जायजा लिया। लगातार धंस रहे डॉट नालों के कारण कई क्षेत्रों में सड़क और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सर्वे पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट में सामने आने वाली तकनीकी स्थिति और आवश्यकताओं के आधार पर जर्जर डॉट नालों की मरम्मत एवं पुनर्विकास के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। इससे नालों के धंसने की समस्या पर प्रभावी ढंग से रोक लगाने और भविष्य में होने वाले हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जर्जर डॉट नालों का होगा सर्वे, रिपोर्ट के आधार पर तैयार होंगे मरम्मत के प्रस्ताव
By Suresh Pal
On: August 9, 2026 10:22 PM
ads








