आत्माराम त्रिपाठी
बांदा, लखनऊ के जुपिटर हॉल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रसोइया मानदेय बढ़ोतरी और चिकित्सा कैशलेस कार्ड वितरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बांदा के रानी दुर्गावती सभागार, विकास भवन में दिखाया गया, जिसमें जनपद के प्रत्येक विकास खंड से चिन्हित रसोइयों ने प्रतिभाग किया।
सजीव प्रसारण में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रसोइयों को दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब तीन हजार रुपये कर दिया गया है और यह राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके साथ ही दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि को दोगुना कर एक हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के खातों में डीबीटी से भेजी जाने वाली 1200 रुपये की राशि को बच्चों की दो जोड़ी यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर और बैग पर ही खर्च करने के लिए शिक्षकों को जागरूक करना चाहिए।
बांदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू ने रसोइयों को चिकित्सा कैशलेस कार्ड के प्रतीकात्मक कार्ड और बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने रसोइयों के हित में मानदेय बढ़ोतरी के साथ पांच लाख का चिकित्सा कार्ड, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी और परिधान राशि दोगुनी करने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम में सदर विधायक बांदा के प्रतिनिधि रजत सेठ, सभासद राममिलन तिवारी वार्ड नंबर 31, नगर महामंत्री अभय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इंद्रवीर सिंह ने किया।





