ads

मां की मौत के 21 दिन बाद बेटे ने भी लगाई फांसी, राजनगर में दो मौतों से पसरा मातम

On: August 23, 2026 9:10 PM
Follow Us:
ads

दिनेश कुमार गुप्ता

अतर्रा बांदा कस्बे के मोहल्ला राजनगर में मां की मौत के महज 21 दिन बाद उसके 23 वर्षीय बेटे ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला राजनगर थोक निवासी मिथलेश गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र सत्यम उर्फ बिंदु ने सोमवार की रात घर की छत में लगे छल्ले से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि सत्यम घूम-घूमकर मूंगफली बेचकर अपना खर्च चलाता था।

उल्लेखनीय है कि सत्यम की मां गोमती देवी (42) ने भी बीते 2 अगस्त 2026 को गृह कलह के चलते छत के छल्ले में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली थी। मां की मौत को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि बेटे ने भी उसी तरह जान दे दी। लगातार दो मौतों से परिवार और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के अनुसार सत्यम के पिता मिथलेश पेंटिंग का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण घर में अक्सर कलह की बात सामने आई है। मृतक के परिवार में पिता के अलावा 21 वर्षीय छोटा भाई है, जबकि एक बहन शादीशुदा है और ससुराल में रहती है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज बांदा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment