श्यामपुर के पास कार्रवाई, खनन कारोबारियों में मचा हड़कंप
गोरा, पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई की। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर श्यामपुर के पास एसडीएम मयंक गोस्वामी और तहसीलदार ने खनन सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। प्रशासनिक टीम को देखते ही खनन में लगे कई लोग मौके से भाग निकले।प्रशासन को श्यामपुर और आसपास के क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसडीएम मयंक गोस्वामी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। टीम को देखकर खनन में जुटे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को प्रशासन ने कब्जे में ले लिया। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली को गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी लाया गया।स्थानीय लोगों के मुताबिक गढ़वाखेड़ा चौकी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके अलावा क्षेत्र से गुजरने वाली ब्रांच नहर से रेत निकाले जाने का भी आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी और रेत का कारोबार चल रहा है।स्थानीय स्तर पर पुलिस और राजस्व कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया।








