सीएमएस की कार से हादसा, बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया
पीलीभीत। शहर के जहानाबाद मोड़ पर गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जिला अस्पताल के सीएमएस की कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा- तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और कार चालक को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार को सीएमएस डॉ. एसपी सिंह का बेटा चला रहा था।घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जारी है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
—————————-








