नई दिल्ली जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी विवाद बढ़ गया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों और नीट से जुड़े मुद्दों की आड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने की कोशिश की गई। पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए उनके बयान पर भी सवाल उठाए। भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की प्रायोजित “सियासी योजना” थी। भाजपा ने वायरल वीडियो में पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर दावा किया कि प्रदर्शन का शिक्षा सुधार या नीट पेपर लीक मामले से कोई लेना-देना नहीं था। मालवीय ने वह वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें अरविंद केजरीवाल हिंदी में कहते सुनाई दे रहे हैं, “इस बार जितने लोग आए थे सड़कों पर, वो किस लिए आए थे? वो केवल मुझे नहीं लगता कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने आए थे। मतलब अगर मैं अशिष्ट भाषा में बोलूं, तो मोदी जी को ठोकने आए थे। अमित मालवीय द्वारा शेयर किए गए वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। भाजपा के आरोपों पर आप या केजरीवाल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। भाजपा के कई नेताओं ने भी पीएम मोदी पर केजरीवाल की कथित टिप्पणी की निंदा की। इनमें पार्टी की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी शामिल हैं।