उन्नाव। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर मंगलवार रात तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और दामाद घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतका की पहचान माखी थाना क्षेत्र के गंगई खेड़ा निवासी नन्हक्की (70) पत्नी स्वर्गीय सीताराम के रूप में हुई है। वह करीब 10 दिन पहले अपनी बेटी राम देवी (35) के यहां आसीवन थाना क्षेत्र के बादुल्ला खेड़ा गई थीं। मंगलवार रात बेटी और दामाद राकेश (40) के साथ बाइक से अपने गांव लौटते समय परसौरा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नन्हक्की को मृत घोषित कर दिया। राम देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि राकेश का उपचार सीएचसी में किया गया।
सूचना पर पहुंची आसीवन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो की टक्कर से वृद्धा की मौत, बेटी-दामाद घायल
By Suresh Pal
On: July 29, 2026 10:48 PM
ads








