एजेंसी संचालक द्वारा अवैध धनराशि मांगने को लेकर महिला ने डीएम से की शिकायत
पीलीभीत। राज इण्डेन ग्रामीण वितरण गैस एजेंसी पर महिला ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत कैश कनेक्शन का सामान उपलब्ध न करने तथा समान मांगने पर अवैध धनराशि की मांग किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है।ज्ञात हो कि पूरनपुर- माधोटांडा रोड पर स्थित ग्राम रुरिया सलेमपुर की राज इण्डेन ग्रामीण वितरण गैस एजेंसी की घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल वितरण के अलावा स्टाफ द्वारा उपभोक्ताओं से किये जाने वाले अनुचित व्यवहार आदि को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रहीं हैं। इसके बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसी संचालक पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। जिसका परिणाम यह है कि एजेंसी संचालक व स्टाफ के हौसले बुलंद है और वह लगातार मनमाने तरीके से गैस एजेंसी का संचालन कर रहे हैं। शिकायतों के क्रम में तहसील कलीनगर अंतर्गत आने वाले ग्राम खासपुर जमुनिया की निवासी गुड्डी देवी पत्नी सर्वेश कुमार ने जिलाधिकारी को भेजे शिकायती पत्र में कहा कि उसका प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उज्ज्वला गैस कनेक्शन संख्या – 7076922329 राज इण्डेन ग्रामीण वितरण गैस एजेंसी से कई वर्षों पूर्व जारी किया गया था, जो वर्तमान में संचालित है। किंतु गैस एजेंसी संचालक द्वारा आज तक उसे कनेक्शन से संबंधित आवश्यक सामान (चूल्हा, रेगुलेटर, पाइप आदि) उपलब्ध नहीं कराया गया है। शिकायतकर्ता गुड्डी देवी ने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा कई बार एजेंसी पर जाकर अनुरोध किया गया, लेकिन हर बार टालमटोल किया गया। इतना ही नहीं, एजेंसी संचालक द्वारा सामान उपलब्ध कराने के बदले उससे 5000 रुपये की अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। महिला ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह इतनी बड़ी राशि देने में असमर्थ है। इस कारण वह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के वास्तविक लाभ से वर्षों से वंचित है। पीड़िता ने शिकायत में उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मिलने वाला समस्त सामान शीघ्र उपलब्ध कराने तथा अवैध धनराशि की मांग करने वाले संबंधित गैस एजेंसी संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।








