बाउंड्री फांदकर घर में घुसे चोर, अलमारी और बक्से खंगाले, परदेश में रहते हैं पति व दोनों बेटे
अमौली फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के मदरी गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। वारदात के समय महिला घर के बाहर सो रही थी, जबकि चोर बाउंड्री फांदकर अंदर घुस गए। सुबह सामान बिखरा मिलने पर चोरी का पता चला। सूचना पर डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
मदरी गांव निवासी कला देवी पत्नी रामसजीवन कोरी गुरुवार रात घर के बाहर सो रही थीं। बताया गया कि रात करीब दो बजे अज्ञात चोर मकान की बाउंड्री फांदकर अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरों में रखी एक जोड़ी पायल चाँदी 250 ग्राम,एक नत्थुनी सोना,एक अंगूठी सोना,एक मंगलसूत्र सोने की,13 सिक्का चाँदी अलमारी और बक्सों को खंगालते हुए सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेत एक एंड्रॉयड मोबाइल समेटकर फरार हो गए।
तड़के करीब तीन बजे कला देवी की नजर घर के अंदर बिखरे पड़े सामान पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। अलमारी और बक्सों में रखा सामान गायब मिला। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार कला देवी के पति रामसजीवन कोरी तथा दोनों बेटे कुलदीप और जसवंत परदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर महिला अकेली रहती है। आशंका है कि चोरों को इसकी जानकारी थी और इसी का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।








