पीलीभीत। माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने और शिकायत करने पर उसके पति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़ित युवक के अनुसार, गांव में आयोजित एक दावत के दौरान वह रात में डीजे कार्यक्रम देखने गया था, जबकि उसकी पत्नी घर पर अकेली थीं। आरोप है कि रात करीब दो बजे गांव निवासी धर्मेंद्र पुत्र भीमसेन घर में घुस आया और महिला को चारपाई पर दबोचकर उसके साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। महिला के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। पीड़िता का दावा है कि भागते समय आरोपी अपना मोबाइल फोन और चप्पल घटनास्थल पर छोड़ गया।घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचा। आरोप है कि वहां धर्मेंद्र के परिजन शेर सिंह पुत्र भीमसेन और गोदावरी पत्नी भीमसेन ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।इसके बाद पीड़ित ने माधोटांडा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धर्मेंद्र, शेर सिंह और गोदावरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ads








