पुलिस और तैराक तैनात, लोगों से सतर्क रहने की अपील
आत्माराम त्रिपाठी
बांदा लगातार हो रही बारिश के चलते चंद्रावल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे से अमारा-गौरी कला रपटा पुल के ऊपर पानी का बहाव तेज हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर निगरानी शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुल पर पुलिस बल के साथ तैराकों की तैनाती की गई है। पुलिस की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया है। तेज बहाव के दौरान रपटा पुल पार न करने की हिदायत दी गई है। बच्चों और मवेशियों को नदी किनारे न जाने देने की अपील भी की गई है। प्रशासन ने आमजन से कहा है कि बारिश के दौरान नदी और रपटा पुल के पास अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।








